केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स की तलाश जारी, 4,000 मीटर की ऊंचाई पर मिला टेंट और सामान
उत्तराखंड एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की टीमें कठिन मौसम और लगातार बर्फबारी के बीच लापता ट्रेकर्स की तलाश कर रही हैं। घटनास्थल के पास टेंट, बैग और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है।
उत्तराखंड के केदारताल ट्रेक पर लापता हुए ट्रेकर्स की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) उत्तराखंड पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) की टीमें लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, अत्यधिक ऊंचाई और खराब मौसम के कारण अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की एक अग्रिम टीम अभियान को आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल की दिशा में तलाशी ले रही है। अभियान के दौरान केदार खरक के पास समुद्र तल से लगभग 4,000 मीटर की ऊंचाई पर लापता ट्रेकर्स का टेंट और कुछ अन्य सामान बरामद किया गया। तलाशी के दौरान एक बैग भी मिला है। हालांकि, अब तक लापता ट्रेकर्स का कोई सुराग नहीं मिला है।
लगातार बर्फबारी से अभियान प्रभावित
घटनास्थल पर मौजूद एसडीआरएफ टीम प्रभारी ने सैटेलाइट फोन के माध्यम से जानकारी दी कि क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है। प्रतिकूल मौसम और अत्यधिक ऊंचाई के कारण तलाशी अभियान चलाने में कठिनाइयां आ रही हैं।
मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टीम ने घटनास्थल के पास सुरक्षित स्थान पर अस्थायी शिविर स्थापित किया है। टीम ने रात वहीं रुकने का निर्णय लिया है। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने पर तलाशी अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।
एसडीआरएफ और एनआईएम की टीमें संयुक्त रूप से जुटीं
एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के कर्मी संयुक्त रूप से लापता ट्रेकर्स की तलाश में जुटे हैं। दुर्गम क्षेत्र और मौसम की चुनौतियों के बावजूद टीमें उपलब्ध संसाधनों के साथ खोज अभियान जारी रखे हुए हैं।
फिलहाल, लापता ट्रेकर्स की स्थिति और उनके बारे में कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अभियान की अगली कार्रवाई मौसम में सुधार और सुरक्षित परिस्थितियां उपलब्ध होने पर निर्भर करेगी।
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।