रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

वैश्वीकरण एवं ग्रामीण भारत की सततता: चुनौतियाँ, संभावनाएँ और आत्मनिर्भर विकास की भारतीय दृष्टि

1991 के आर्थिक सुधारों के बाद ग्रामीण भारत के सामने नए बाजार और तकनीकी अवसर खुले हैं, लेकिन कृषि संकट, आर्थिक असमानता, पर्यावरणीय क्षरण और सांस्कृतिक बदलाव जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। सवाल है कि वैश्विक विकास के साथ गांवों की आत्मनिर्भरता और सततता कैसे सुनिश्चित की जाए?

वैश्वीकरण एवं ग्रामीण भारत की सततता: चुनौतियाँ, संभावनाएँ और आत्मनिर्भर विकास की भारतीय दृष्टि

वैश्वीकरण ने विश्व की आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक संरचनाओं को व्यापक रूप से प्रभावित किया है। संचार क्रांति, सूचना प्रौद्योगिकी, बाजार व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और पूँजी के तीव्र प्रवाह ने भौगोलिक सीमाओं के पार समाजों को एक-दूसरे से जोड़ दिया है। भारत भी इस प्रक्रिया का एक महत्त्वपूर्ण सहभागी रहा है। वर्ष 1991 में आर्थिक उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों को अपनाने के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हुई। इन परिवर्तनों का प्रभाव केवल शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था, कृषि व्यवस्था, सामाजिक संबंधों, पारंपरिक आजीविका और सांस्कृतिक जीवन पर भी व्यापक रूप से पड़ा है। ऐसे में सबसे महत्त्वपूर्ण प्रश्न यह है कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा और बाजार आधारित विकास के बीच ग्रामीण भारत अपनी सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय सततता को किस प्रकार सुरक्षित रख सकता है?

भारत की ग्रामीण संरचना का महत्त्व केवल इस तथ्य में नहीं है कि देश की एक बड़ी आबादी गाँवों में निवास करती है, बल्कि इसलिए भी है कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति, कृषि परंपरा, सामुदायिक जीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था की वास्तविक आधारशिला गाँव ही रहे हैं। जनगणना 2011 के अनुसार भारत की लगभग 68.8 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती थी। यद्यपि इसके बाद ग्रामीण-शहरी आबादी के अनुपात में परिवर्तन हुआ है, फिर भी भारत की सामाजिक और आर्थिक संरचना में ग्रामीण क्षेत्र की केंद्रीय भूमिका बनी हुई है। कृषि एवं संबद्ध गतिविधियाँ खाद्य सुरक्षा, रोजगार, कच्चे माल और ग्रामीण आजीविका का प्रमुख आधार हैं। इसलिए ग्रामीण भारत की सततता का प्रश्न वस्तुतः भारत के समावेशी और संतुलित विकास का प्रश्न है।

वैश्वीकरण ने ग्रामीण भारत के समक्ष अवसरों और चुनौतियों का एक नया परिदृश्य प्रस्तुत किया है। एक ओर कृषि उत्पादों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँच के अवसर बढ़े हैं, वहीं दूसरी ओर छोटे और सीमांत किसानों के सामने बाजार की अनिश्चितता, उत्पादन लागत में वृद्धि, मूल्य प्रतिस्पर्धा और वैश्विक मांग के अनुरूप उत्पादन करने का दबाव भी बढ़ा है। भारत में कृषि जोतों का छोटा आकार इस चुनौती को और गंभीर बनाता है। कृषि जनगणना 2015-16 के अनुसार देश में लगभग 86 प्रतिशत कृषि जोतें छोटी और सीमांत श्रेणी की थीं।

हरित क्रांति ने भारत को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन इसके साथ ही कृषि के कुछ क्षेत्रों में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर अत्यधिक निर्भरता, भूजल का दोहन, मिट्टी की गुणवत्ता में गिरावट और जैव विविधता के ह्रास जैसी समस्याएँ भी सामने आईं। कृषि का विकास इस प्रकार होना चाहिए कि भूमि की उर्वरता, जल संसाधनों और प्राकृतिक पारिस्थितिकी का संरक्षण भी सुनिश्चित हो। प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, फसल विविधीकरण, एकीकृत कृषि प्रणाली, कृषि वानिकी तथा स्थानीय बीजों का संरक्षण इस दिशा में महत्त्वपूर्ण विकल्प हो सकते हैं। कृषि को पर्यावरणीय संतुलन से जोड़ना ही दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण समृद्धि का आधार बन सकता है।

वैश्वीकरण ने उत्पादन और उपभोग की संरचना में परिवर्तन किया है। इसके परिणामस्वरूप ग्रामीण हस्तशिल्प, हथकरघा, कुटीर उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, मत्स्य पालन और ग्रामीण पर्यटन के लिए नए बाजार विकसित हुए हैं। किंतु इन क्षेत्रों को संगठित बाजार, पूँजी, आधुनिक तकनीक और ब्रांडिंग से जोड़ने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित पहलें ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं। 'एक जिला एक उत्पाद' जैसी पहल स्थानीय उत्पादों को विशिष्ट पहचान प्रदान करने की दिशा में उपयोगी है।

डिजिटल क्रांति ने गाँवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, प्रशासन और बाजार संबंधी सेवाओं की पहुँच बढ़ाने की संभावनाएँ पैदा की हैं। डिजिटल इंडिया, भारतनेट, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और डिजिटल भुगतान जैसी व्यवस्थाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा वितरण के नए रास्ते खोले हैं। किसान अब मौसम की जानकारी, कृषि संबंधी परामर्श, बाजार मूल्य और सरकारी योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यमों से प्राप्त कर सकते हैं। ई-नाम (राष्ट्रीय कृषि बाजार) कृषि मंडियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का प्रयास है। हालांकि डिजिटल सुविधाओं की उपलब्धता और उनके प्रभावी उपयोग के बीच अभी भी अंतर मौजूद है। इंटरनेट कनेक्टिविटी, डिजिटल साक्षरता, स्थानीय भाषाओं में सामग्री और तकनीकी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित किए बिना डिजिटल समावेशन का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता। विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं, छोटे किसानों और वंचित समुदायों को डिजिटल अर्थव्यवस्था का सक्रिय सहभागी बनाना आवश्यक है।

वैश्वीकरण आधारित विकास यदि केवल पूँजी, बाजार और उत्पादन वृद्धि तक सीमित रहता है तो ग्रामीण समाज में आर्थिक विषमता और सामाजिक असंतुलन बढ़ने की आशंका रहती है। ग्रामीण विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है जब विकास के अवसर समाज के सभी वर्गों तक पहुँचें। इस संदर्भ में पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। 73वें संविधान संशोधन ने स्थानीय स्वशासन को संवैधानिक आधार प्रदान किया। ग्राम पंचायतों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिला। ग्राम सभा की सहभागिता, सामाजिक अंकेक्षण, महिला नेतृत्व और अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदायों की भागीदारी ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। सतत ग्रामीण विकास के लिए योजनाओं का निर्माण ऊपर से नीचे की बजाय नीचे से ऊपर की प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए।

इस संदर्भ में महात्मा गांधी की ग्राम स्वराज की अवधारणा आज भी प्रासंगिक है। गांधीजी का मानना था कि भारत का वास्तविक विकास गाँवों के विकास के बिना संभव नहीं है। उनके लिए ग्राम स्वराज केवल प्रशासनिक विकेंद्रीकरण नहीं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहयोग, स्थानीय उत्पादन और नैतिक उपभोग की जीवन पद्धति थी। गांधीजी की दृष्टि में गाँवों को अपनी बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पूरी तरह बाहरी बाजार पर निर्भर नहीं होना चाहिए। इसका अर्थ आधुनिक तकनीक अथवा वैश्विक संपर्क का विरोध नहीं, बल्कि विकास की ऐसी व्यवस्था का निर्माण है जिसमें स्थानीय समुदाय अपने संसाधनों और आवश्यकताओं पर सार्थक नियंत्रण बनाए रख सके। आज जब वैश्विक आपूर्ति शृंखलाएँ संकटों और अनिश्चितताओं से प्रभावित हो रही हैं, तब स्थानीय उत्पादन और स्थानीय उपभोग की अवधारणा का महत्त्व और बढ़ जाता है।

भारतीय चिंतन में प्रकृति और मानव जीवन के बीच सह-अस्तित्व का विचार ग्रामीण सततता के लिए विशेष महत्त्व रखता है। भारतीय परंपरा में पृथ्वी, जल, वनस्पति और जीव-जंतुओं को केवल आर्थिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन के आधार के रूप में देखा गया है। अथर्ववेद स्पष्ट करता है कि"माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः" अर्थात् मेरी माता है और मैं पृथ्वी का पुत्र हूँ। यह दृष्टि प्राकृतिक संसाधनों के प्रति उत्तरदायित्व और संरक्षण की भावना विकसित करती है। जल संरक्षण, पारंपरिक तालाबों का पुनर्जीवन, सामुदायिक वन प्रबंधन, वर्षा जल संचयन और स्थानीय जैव विविधता का संरक्षण ग्रामीण विकास की ऐसी प्राथमिकताएँ हैं जिन्हें आर्थिक प्रगति के साथ जोड़ना आवश्यक है। जलवायु परिवर्तन के कारण अनियमित वर्षा, सूखा, बाढ़ और तापमान में वृद्धि ग्रामीण आजीविका के लिए गंभीर चुनौती बन रहे हैं। इसलिए जलवायु अनुकूल कृषि और आपदा-सहिष्णु ग्रामीण आधारभूत संरचना को विकास नीति का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।

ग्रामीण भारत की सततता में महिलाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। कृषि कार्यों, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, घरेलू उत्पादन और सामुदायिक गतिविधियों में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, लेकिन उनके श्रम का बड़ा हिस्सा औपचारिक आर्थिक आँकड़ों और निर्णय प्रक्रियाओं में पर्याप्त रूप से दिखाई नहीं देता। स्वयं सहायता समूहों ने महिलाओं को बचत, ऋण, उद्यमिता और सामूहिक नेतृत्व के अवसर प्रदान किए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिला समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं को भूमि अधिकार, तकनीकी प्रशिक्षण, संस्थागत ऋण और बाजार तक पहुँच प्रदान करना ग्रामीण सततता के लिए अनिवार्य है।

इस प्रकार वैश्वीकरण ग्रामीण भारत के लिए अवसरों और चुनौतियों का एक ऐसा व्यापक परिदृश्य है जिसमें ग्रामीण समाज को अपनी स्थानीय क्षमताओं, संसाधनों और सांस्कृतिक विशेषताओं के आधार पर आगे बढ़ना होगा। भारत के ग्रामीण विकास का मॉडल ऐसा होना चाहिए जो वैश्विक तकनीक और बाजार की संभावनाओं का लाभ उठाए, लेकिन स्थानीय उत्पादन, सामुदायिक स्वावलंबन और पर्यावरणीय संतुलन को कमजोर न करे। आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना तभी सार्थक होगी जब गाँव केवल शहरी अर्थव्यवस्था के लिए कच्चे माल और श्रम की आपूर्ति करने वाले क्षेत्र न रहकर स्वयं आर्थिक विकास, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र बनें।

अंततः ग्रामीण भारत की सततता का अर्थ अतीत की व्यवस्थाओं को यथावत बनाए रखना नहीं, बल्कि परंपरा और आधुनिकता के बीच रचनात्मक समन्वय स्थापित करना है। भारत को वैश्वीकरण के साथ आगे बढ़ना है, लेकिन अपनी विकास-दृष्टि का आधार स्थानीय समाज, प्रकृति और मानवीय गरिमा को बनाना होगा। यही वह मार्ग है जो ग्रामीण भारत को केवल आर्थिक रूप से सक्षम नहीं बनाएगा, बल्कि उसे सामाजिक रूप से समरस, सांस्कृतिक रूप से जीवंत और पर्यावरणीय दृष्टि से टिकाऊ भी बनाएगा। वास्तविक वैश्विक शक्ति वही भारत होगा जिसका ग्रामीण समाज आत्मनिर्भर, समावेशी, नवाचारी और सतत विकास की दिशा में अग्रसर होगा।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें