हस्तिनापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर; अस्पताल के बाहर लगाया जाम
सैफपुर-कर्मचंदपुर मार्ग पर हादसे में मुकेश की मौत और विनीत घायल। परिजनों ने अस्पताल के बाहर जाम लगाकर जताया विरोध, पुलिस समझाने में जुटी।
सैफपुर कर्मचंदपुर मार्ग पर सोमवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। दोनों युवकों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और कॉलोनीवासियों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल के बाहर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घंटों तक परिजनों को समझाने का प्रयास करती रही।
जानकारी के अनुसार मनोहरपुर कॉलोनी निवासी मुकेश पुत्र गोपीचंद अपने साथी विनीत पुत्र राकेश के साथ सैफपुर से हस्तिनापुर की ओर मोटरसाइकिल से आ रहा था। मोटरसाइकिल मुकेश चला रहा था। इसी दौरान सैफपुर कर्मचंदपुर मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश और विनीत दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को उठाकर हस्तिनापुर स्थित दीप हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। विनीत को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मुकेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और कॉलोनी के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने अस्पताल के बाहर जाम लगाकर आक्रोश जताया। सूचना मिलने पर थाना हस्तिनापुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस घंटों तक परिजनों को समझाती रही, लेकिन परिजन अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। खबर लिखे जाने तक पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत जारी थी और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया था।
बताया गया कि मुकेश पांच-छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके चार बड़े भाई और एक बहन है। परिवार मेहनत-मजदूरी कर अपना पालन-पोषण करता है। मुकेश भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। पड़ोसियों सुभाष, पप्पू आदि ने बताया कि मुकेश स्वभाव से बेहद समझदार और पढ़ा-लिखा युवक था। उसकी मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मखदूमपुर गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के चलते हस्तिनापुर क्षेत्र के मार्गों पर लगातार भीड़ और जाम की स्थिति बनी हुई है। एक ओर जहां श्रद्धालु मेले में स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी दुख और आक्रोश व्याप्त है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले



पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।