हस्तिनापुर के मखदूमपुर गंगा मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, लाखों लोगों ने किया स्नान
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय मेले के तीसरे दिन गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी। सोमवार शाम को दीपदान और महाआरती, जबकि मंगलवार को मुख्य स्नान होगा।
महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर के मखदूमपुर गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक गंगा मेले में रविवार को श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। 20 नवंबर से 24 नवंबर तक चलने वाले इस पांच दिवसीय मेले का रविवार को तीसरा दिन रहा। गंगा की रेती पर दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने तंबुओं की नगरी बसा ली है। रविवार को लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर हर-हर गंगे और नमामि गंगे के जयकारे लगाए। मुख्य स्नान 24 नवंबर मंगलवार को होगा, जबकि सोमवार शाम को गंगा घाट पर भव्य दीपदान और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
रविवार सुबह से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अनेक लोगों ने अपने पूर्वजों की आत्मशांति के लिए दीपदान और पिंडदान किया। वहीं, बड़ी संख्या में परिवार अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराने पहुंचे। हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मुंडन संस्कार के बाद बच्चों के बाल गंगा मैया को अर्पित किए जाते हैं। श्रद्धालुओं ने अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री का दान कर पुण्य लाभ कमाया।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत कालीन हस्तिनापुर क्षेत्र के मखदूमपुर घाट पर वर्ष 1929 से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेले का आयोजन होता आ रहा है। मेले में प्रतिदिन शाम को वाराणसी की तर्ज पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य गंगा आरती की जाती है। सोमवार शाम को विशेष दीपदान और महाआरती को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। गंगा की रेती में जगह-जगह तंबू लगाए गए हैं। परिवार बैलगाड़ियों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मेले में पहुंच रहे हैं। जगह-जगह भंडारों का आयोजन हो रहा है, वहीं पारंपरिक ग्रामीण बाजार और विभिन्न प्रकार की दुकानें मेले की रौनक बढ़ा रही हैं। बच्चों ने झूलों और खेल-खिलौनों का आनंद लिया।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में फैले मेले को जिला पंचायत की ओर से आठ सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 300 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ फ्लड पीएसी, गोताखोर और 15 नावों की तैनाती की गई है। इसके अलावा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला परिसर पर निगरानी रखी जा रही है। मवाना क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया और थाना हस्तिनापुर प्रभारी दुष्यंत शर्मा सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं। पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। मेले में बुग्गी दौड़ और हुड़दंग पर प्रशासन ने सख्त प्रतिबंध लगाया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेले में अस्थायी अस्पताल और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित त्यागी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मेले में मौजूद रहकर श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। वहीं, पशुधन चिकित्सा विभाग की टीम भी पशुपालकों के पशुओं के उपचार के लिए तैनात है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल टैंकर, प्रकाश व्यवस्था और महिलाओं के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था की गई है। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान को लेकर प्रशासन और जिला पंचायत तैयारियों में जुटे हैं। मंगलवार को मुख्य स्नान पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले





पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।