मखदूमपुर गंगा मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शराब और नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती
कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु पिंडदान, मुंडन और गंगा पूजन के लिए मखदूमपुर घाट पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने वाहनों की चेकिंग कर शराब और नशीली सामग्री बरामद की।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मखदूमपुर गंगा घाट पर लगने वाले ऐतिहासिक गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। हजारों की संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से घाट पहुंच रहे हैं। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ खरीदारी और मनोरंजन के लिए भी बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं।
देर शाम तक श्रद्धालु अपने पूर्वजों की स्मृति में पिंडदान, मुंडन संस्कार और गंगा मैया की पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचते रहे। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद लोग पूजा से जुड़ी सामग्री का गंगा में विसर्जन कर रहे हैं। परिवारों के साथ पहुंचे श्रद्धालु मेले में घूमने और खरीदारी का आनंद भी ले रहे हैं।
गंगा की रेती पर सजी दुकानें और झूले
मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गंगा की रेती पर झूले और विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई हैं। यहां मिठाइयों, फलों और दैनिक उपयोग के सामान की दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। जिला पंचायत की देखरेख में हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले की व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
शराब और नशे के खिलाफ पुलिस का चेकिंग अभियान
मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। गंगा स्नान के दौरान नशे की हालत में पानी में उतरने से हादसों की आशंका और मेले में हुड़दंग की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार की निगरानी में सीओ मवाना पंकज लवानिया और थाना प्रभारी दुष्यंत शर्मा पुलिस टीम के साथ लगातार मेले में गश्त कर रहे हैं। मखदूमपुर चौराहे और मेला प्रवेश द्वार पर विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान मोटरसाइकिलों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान कई वाहनों से शराब के पव्वे, बोतलें और अन्य नशीली सामग्री बरामद हुई, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया। नशे की हालत में उपद्रव करते मिले कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे की हालत में गंगा के गहरे पानी में उतरना जानलेवा हो सकता है। इसी वजह से मेले में शराब और अन्य नशीले पदार्थों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशे में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक संगठनों ने भी लगाया कैंप
मेले की व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए बजरंग दल और गौरक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने भी अपने कैंप लगाए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है। एसपी देहात अभिजीत कुमार सुरक्षा इंतजामों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सावधानी के साथ गंगा स्नान करें, नशे से दूर रहें और पूजा-अर्चना एवं दान-पुण्य के बाद सुरक्षित अपने घर लौटें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले






पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।