रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

हस्तिनापुर में गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, सेवा और भाईचारे का दिया संदेश

शकुंतला कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब से शुरू हुई शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और रास्ते में स्वयं सफाई कर सेवा भाव का परिचय दिया।

हस्तिनापुर में गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, सेवा और भाईचारे का दिया संदेश

हस्तिनापुर। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज की 557वीं जयंती के पावन अवसर पर हस्तिनापुर नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर भाई धर्मसिंह पंच प्यारों के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, मधुर गुरुवाणी के कीर्तन और गुरु महाराज के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के उत्साह और सेवा भाव ने नगरवासियों को आकर्षित किया।

शोभायात्रा का शुभारंभ हस्तिनापुर की शकुंतला कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब से हुआ। पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार और मेन रोड सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा में हजारों की संख्या में सिख समाज के महिला-पुरुषों के साथ-साथ अन्य नगरवासी भी शामिल हुए। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालु कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान करते नजर आए।

शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। भाई धर्मसिंह पंच प्यारों का भी फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जहां लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे का वातावरण बना रहा।

गुरु नानक देव जी की जयंती पर निकली इस शोभायात्रा में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। यात्रा के मार्ग पर महिलाओं और पुरुषों ने स्वयं झाड़ू लगाकर सड़कों की सफाई की, ताकि गुरु महाराज की पावन यात्रा के दौरान किसी श्रद्धालु के पैरों में कंकड़ या कोई अन्य वस्तु न चुभे। श्रद्धालुओं की यह सेवा भावना गुरु नानक देव जी के बताए सेवा, समानता और मानवता के संदेश को साकार करती नजर आई।

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हस्तिनापुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थाना प्रभारी दुश्यंत शर्मा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान भूपेंद्र सिंह, कमेटी सदस्य प्रभु सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजा सिंह, नरेंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह, काकू सिंह, हरविंदर कौर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे। गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा ने हस्तिनापुर में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे, मानवता और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें