रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

हस्तिनापुर गंगा मेले में सुरक्षा तैयारियों का जायजा, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

हस्तिनापुर गंगा मेले में सुरक्षा तैयारियों का जायजा, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में श्रद्धा और आस्था के साथ-साथ ग्रामीण परंपराओं एवं लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मुख्य स्नान पर्व से पहले मेले के दूसरे दिन शनिवार को गंगा घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु मेले की विभिन्न गतिविधियों का आनंद लेते नजर आए। वहीं मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और मुख्य स्नान पर्व की तैयारियों को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने गंगा घाटों पर पहुंचकर स्नान स्थलों की स्थिति देखी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा में लगाई गई बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा इंतजामों के साथ प्रकाश व्यवस्था की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा किनारे पर्याप्त लाइटों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सुबह के समय अंधेरे में स्नान करने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पानी के अंदर लगाई गई बैरिकेडिंग स्पष्ट दिखाई दे सके। इससे श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही स्नान कर सकेंगे और किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के धार्मिक महत्व को बताते हुए मेले में आए सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित स्नान स्थल पर ही गंगा में डुबकी लगाएं। गहरे पानी की ओर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा बनाए गए सुरक्षा नियमों का पालन करें।

वहीं एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए छोटे और बड़े वाहनों की विशेष चेकिंग की जाए। किसी भी असामाजिक तत्व को मेले में अव्यवस्था फैलाने का मौका न मिले। वाहनों की सघन जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर मेले और गंगा घाट तक न पहुंचे। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का भी जायजा लिया और प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासनिक टीम को लगातार गश्त करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया, ताकि मुख्य स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

मेले में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मुस्तैद रहे। सिंचाई विभाग और जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी मेला क्षेत्र में मौजूद रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते नजर आए। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मेले में तैनात रही, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। विभिन्न विभागों के कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए थे।

उधर मेले के दूसरे दिन अखाड़ों में पहलवानों के बीच रोमांचक कुश्ती मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे। पहलवानों के दांव-पेंच देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही। वहीं गंगा की रेती पर ग्रामीणों ने तंबुओं और बैलगाड़ियों के आसपास चौपालें सजाईं। लोकगीतों, रागनियों और भजनों से मेला क्षेत्र गुंजायमान रहा। बच्चों ने झूलों और चरखियों का आनंद लिया तो महिलाओं ने दुकानों पर खरीदारी की।

इस दौरान मवाना पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया, हस्तिनापुर थाना प्रभारी दुश्यंत शर्मा, उपजिलाधिकारी संतोष कुमार, प्रशासनिक टीम के लेखपालों सहित भारी पुलिस बल और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें