रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

हस्तिनापुर के आरक्षित वन क्षेत्र में दो पेड़ों को आग लगाकर नुकसान पहुंचाने का आरोप, एक व्यक्ति पर 1.50 लाख का जुर्माना

विदुर वन ब्लॉक में नीम और शीशम के सरकारी पेड़ों की छाल हटाने, जड़ों के आसपास मिट्टी खोदने और तनों में आग लगाने का मामला सामने आया। वन विभाग ने एक व्यक्ति को पकड़कर जुर्माना वसूला।

हस्तिनापुर के आरक्षित वन क्षेत्र में दो पेड़ों को आग लगाकर नुकसान पहुंचाने का आरोप, एक व्यक्ति पर 1.50 लाख का जुर्माना

हस्तिनापुर वन रेंज के अंतर्गत आरक्षित वन क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। विदुर वन ब्लॉक में नीम और शीशम के दो सरकारी वृक्षों को आग लगाकर सुखाने एवं नष्ट करने का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं, पेड़ों की छाल हटाने, जड़ों के आसपास की मिट्टी खोदने और उनकी छंटाई (लॉपिंग) कर वृक्षों को नुकसान पहुंचाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की और एक व्यक्ति को पकड़ लिया। विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 1.50 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया है।

वन विभाग के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को हस्तिनापुर रेंज के विदुर वन ब्लॉक स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो पाया कि आरक्षित वन क्षेत्र में खड़े एक नीम और एक शीशम के वृक्षों के तनों में आग लगाई गई थी। इसके अलावा वृक्षों की छाल हटाई गई थी और जड़ों के आसपास की मिट्टी भी हटाकर उन्हें कमजोर करने का प्रयास किया गया था। पेड़ों की शाखाओं की छंटाई भी की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वृक्षों को सुखाने और पूरी तरह नष्ट करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया गया था।

वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई की। इस दौरान मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय पुत्र उदयवीर सिंह निवासी मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद बताया। विभाग की ओर से आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 एवं वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वन अपराध की कार्रवाई की गई। इसके बाद वन विभाग ने आरोपी पर 1,50,000 रुपये का जुर्माना लगाया, जिसे वसूल भी कर लिया गया।

प्रभागीय निदेशक मेरठ वन प्रभाग वंदना फोगाट ने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचाने, वन भूमि का स्वरूप बदलने अथवा सरकारी वृक्षों और वन संपदा को नष्ट करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वन कानूनों के तहत अपराध की प्रकृति के अनुसार जुर्माने के साथ कारावास का भी प्रावधान है।

वन विभाग ने जंगलों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि आरक्षित वन भूमि पर अतिक्रमण, जुताई-बुवाई, मिट्टी हटाने, पेड़ों की छाल छीलने, जड़ों को नुकसान पहुंचाने, अवैध कटाई-छंटाई और वृक्षों में आग लगाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। विभाग ने चेतावनी दी कि इस प्रकार के कृत्य वन संपदा के साथ-साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के लिए भी गंभीर खतरा हैं।

इस कार्रवाई को वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में सेक्शन अधिकारी गौरव गर्ग, वन दरोगा ऋषभ, बीट प्रभारी अतुल स्वामी, वन रक्षक खुशीराम तथा वाचर दालचंद और समंदर दास शामिल रहे। वन विभाग ने आमजन से वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें