ऊंचाहार में इंद्रजीत सरोज का मनोज पांडेय पर हमला, बोले- 2027 में पीडीए की सरकार बनाएगी सपा
मदारीगंज में आयोजित पीडीए जन पंचायत में सपा महासचिव ने पासी समाज से पार्टी के साथ जुड़ने की अपील की। कांग्रेस से गठबंधन और ऊंचाहार से चुनाव लड़ने के सवाल पर भी अपनी बात रखी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने ऊंचाहार में अपना राजनीतिक संपर्क अभियान तेज कर दिया है। मदारीगंज स्थित अशोका लॉन में आयोजित विधानसभा स्तरीय पीडीए जन पंचायत में सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री इंद्रजीत सरोज ने पासी समाज से पार्टी के साथ मजबूती से जुड़ने की अपील की। उन्होंने दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के हितों की लड़ाई को समाजवादी पार्टी की राजनीतिक प्राथमिकता बताया।
जनसभा को संबोधित करते हुए इंद्रजीत सरोज ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पासी समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का काम किया है। उन्होंने समाज के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के साथ खड़े होने की अपील की। सरोज ने कहा कि पीडीए के माध्यम से सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत किया जाएगा।
मनोज पांडेय पर लगाया विश्वासघात का आरोप
सभा के दौरान इंद्रजीत सरोज ने ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मनोज पांडेय को तीन बार विधायक बनने का अवसर दिया, लेकिन उन्होंने पार्टी के साथ विश्वासघात किया। सरोज ने कहा कि जनता को नेताओं के राजनीतिक व्यवहार और उनके फैसलों को समझना चाहिए तथा समय आने पर इसका जवाब देना चाहिए।
भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना
सरोज ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए जगतपुर, डीह और नसीराबाद क्षेत्र में पासी समाज के लोगों के साथ हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में समाज के लोगों के साथ अन्याय हुआ है। साथ ही दावा किया कि इन घटनाओं से प्रभावित परिवारों की आर्थिक मदद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने की है।
2027 में पीडीए सरकार बनने का दावा
मीडिया से बातचीत में इंद्रजीत सरोज ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी। ऊंचाहार विधानसभा सीट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2012, 2017 और 2022 के चुनावों में समाजवादी पार्टी ने यहां जीत दर्ज की है और 2027 में भी पार्टी अपनी जीत का सिलसिला कायम रखेगी।
गठबंधन और चुनाव लड़ने के सवाल पर दिया जवाब
कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सरोज ने कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट है और सीटों के बंटवारे से जुड़े मुद्दे बातचीत के जरिए सुलझा लिए जाएंगे।
वहीं, ऊंचाहार विधानसभा सीट से खुद चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करेंगे। उनके इस बयान के बाद ऊंचाहार सीट पर सपा की आगामी रणनीति और संभावित उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं।
कार्यक्रम में ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जन पंचायत में बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी और समाजसेवी अखिलेश यादव, पं. ओमप्रकाश मिश्रा, आकाश मौर्य, जगदेव यादव, छबिनाथ यादव और विंदेश्वरी पासी ने भी विचार व्यक्त किए।
इस दौरान मदन यादव, नरेंद्र यादव, राजेश यादव, अरशद सुल्तान, शुभम पाल, कुलदीप सिंह, पप्पू सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।