जालौन: स्कूल में लंबे समय से अनुपस्थित तीन शिक्षकों के निलंबन के निर्देश, खंड शिक्षा अधिकारी को चेतावनी
डीएम समीर ने मान्यवर कांशीराम कॉलोनी स्थित उच्चीकृत प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा के दौरान तीन शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी समीर ने बुधवार को मान्यवर कांशीराम कॉलोनी स्थित उच्चीकृत प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, शैक्षिक व्यवस्थाओं और बच्चों की पढ़ाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में लंबे समय से अवकाश पर रहने वाले प्रधानाध्यापक सहित तीन शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी को पर्यवेक्षण में लापरवाही पर चेतावनी जारी करने को कहा गया।
कक्षा में पहुंचकर बच्चों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षा छह, सात और आठ में पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विषयों की समझ के बारे में जानकारी ली। डीएम ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति जरूरी है।
कुछ बच्चे निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों को नियमित रूप से निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।
विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि विद्यालय अन्य स्कूलों के लिए भी उदाहरण बन सके।
दिव्यांग छात्रा श्रुति की पढ़ाई की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय में पूर्व में नामांकित कराई गई दिव्यांग छात्रा श्रुति की शिक्षा की स्थिति भी देखी। उन्होंने छात्रा से बातचीत की और उसकी शैक्षिक प्रगति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान श्रुति अपनी नोटबुक में 1, 2, 3 लिखकर अभ्यास करती नजर आई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्हें जरूरत के अनुसार शिक्षण सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे भी शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ सकें।
तीन शिक्षकों के निलंबन की कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक अल्पना गुप्ता, सहायक अध्यापक शोभा गुप्ता और सहायक अध्यापक दीपशिखा के लंबे समय से अवकाश पर रहने का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तीनों शिक्षकों के निलंबन की कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए।
वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति राजपूत को अपने क्षेत्र में प्रभावी पर्यवेक्षण नहीं करने के मामले में चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, समयबद्ध शिक्षण कार्य और बच्चों की शैक्षिक प्रगति सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति राजपूत सहित संबंधित शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
बलिया: बजरंग पीजी कॉलेज के खेल मैदान में झाड़ियां और गंदगी, प्राचार्य ने बताई सफाई में देरी की वजह
यूपी में ग्राम प्रधानों का प्रशासक कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
बलिया में मंदिर चोरी के आरोप में पांच गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो घायल
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।