शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
बलिया: बजरंग पीजी कॉलेज के खेल मैदान में झाड़ियां और गंदगी, प्राचार्य ने बताई सफाई में देरी की वजह

छठ पूजा से पहले रामकुंड की तैयारी तेज, पार्क और तालाब के विकास की योजना

जिलाधिकारी समीर ने रामकुंड का निरीक्षण कर सफाई, घाटों की मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिसर में बोटिंग, सीसीटीवी और आकर्षक लाइटिंग की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।

छठ पूजा से पहले रामकुंड की तैयारी तेज, पार्क और तालाब के विकास की योजना

आगामी छठ पूजा को देखते हुए रामकुंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी समीर ने रामकुंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नगरपालिका की टीम को पर्व से पहले साफ-सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था तथा घाटों की मरम्मत का काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार दीपावली से पहले ही तैयारियां शुरू कराने के उद्देश्य से नगरपालिका की टीमों को काम पर लगाया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों और आसपास के परिसर की सफाई के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन और सुविधा का भी ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रामकुंड को केवल छठ पूजा के आयोजन स्थल तक सीमित न रखते हुए इसे शहर के एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने तालाब की सफाई कराने के निर्देश दिए और कहा कि इस दौरान उसमें मौजूद जीव-जंतुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।

परिसर के समग्र विकास के लिए बच्चों के मनोरंजन के उद्देश्य से छोटी बोटिंग की सुविधा शुरू करने की संभावनाएं तलाशने को कहा गया। इसके अलावा पूरे पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था करने, अतिरिक्त पौधरोपण कराने और लोगों के बैठने के लिए उपयुक्त स्थान विकसित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने परिसर में जगह-जगह स्टैंड पोस्ट वाले डस्टबिन लगवाने, क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत कराने तथा रंगाई-पुताई के माध्यम से पार्क को व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शहर के बीच स्थित रामकुंड को सुनियोजित तरीके से विकसित किया जाए तो यह प्राकृतिक सौंदर्य के साथ शहरवासियों के लिए सुबह-शाम टहलने और मनोरंजन का एक बेहतर स्थान बन सकता है।

नगरपालिका की आय बढ़ाने के उद्देश्य से परिसर में मनोरंजन गतिविधियों के संचालन, मामूली प्रवेश शुल्क निर्धारित करने तथा चाय-नाश्ते और स्थानीय उत्पादों की दुकानें विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए गए। हालांकि, इन सुविधाओं को शुरू करने के लिए आगे की योजना और व्यवस्था तय की जानी है।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, नगर पालिका के टीएस सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें