रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

मेरठ में मखदूमपुर गंगा मेले का शुभारंभ, राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने किया उद्घाटन

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में गंगा तट पर आयोजित मेले की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और गंगा आरती के साथ हुई। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम किए गए हैं।

मेरठ में मखदूमपुर गंगा मेले का शुभारंभ, राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने किया उद्घाटन

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मेरठ जनपद के हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में गंगा तट पर लगने वाले ऐतिहासिक मखदूमपुर गंगा मेले का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक मंत्रोच्चार और गंगा मैया की आरती के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान गंगा तट पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मेले के उद्घाटन से पूर्व हवन कुंड में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कराई गई। इसके बाद राज्यमंत्री दिनेश खटीक सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गंगा मैया की आरती की तथा गंगा में प्रसाद अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए। मेले के शुभारंभ के साथ ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ने लगी।

उद्घाटन समारोह में हस्तिनापुर ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, भाजपा मेरठ जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, बागपत जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विमल शर्मा तथा भाजपा जिला महामंत्री समीर चौहान प्रमुख रूप से मौजूद रहे। वहीं एसपी देहात अभिजीत कुमार, हस्तिनापुर थाना प्रभारी दुष्यंत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। प्रशासन की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न इंतजाम किए गए हैं।

ऐतिहासिक मखदूमपुर गंगा मेला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर यहां मेरठ सहित आसपास के जनपदों और दूरदराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। दूरदराज से पहुंचे लोगों ने गंगा किनारे अपने अस्थायी घर और तंबू बनाकर डेरा डाल लिया है। परिवारों के साथ पहुंचे लोग गंगा स्नान के साथ मेले का आनंद ले रहे हैं।

रात के समय मेला परिसर रोशनी से जगमगाता नजर आया। चारों तरफ आकर्षक लाइटिंग और दुकानों की चमक से गंगा तट पर मेले की रौनक देखते ही बन रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की व्यवस्था की गई है, जिससे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखी जा सके।

पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। मेले के शुभारंभ के बाद गंगा तट पर धार्मिक आस्था के साथ उत्सव का माहौल बन गया है। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को लेकर श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें