रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

मेरठ के मवाना में रात के अंधेरे में अवैध खनन के आरोप, पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने मील रोड से फलावदा मार्ग तक रात में मिट्टी के खनन और परिवहन की शिकायत की है। आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर मुख्य मार्गों से गुजरते हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।

मेरठ के मवाना में रात के अंधेरे में अवैध खनन के आरोप, पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल

मेरठ। मवाना तहसील क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रात होते ही खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं और ट्रैक्टर-ट्रॉली से लेकर डंपरों तक के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि तहसील मुख्यालय, थाना, पुलिस चौकियों और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों से कुछ ही दूरी पर खनन से जुड़े वाहन बेखौफ होकर गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मवाना तहसील क्षेत्र में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं। वहीं, मुख्य मार्गों पर पुलिस की नियमित गश्त भी होती है। इसके बावजूद खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि पूरी रात खनन का काम जारी रहता है। मील रोड से लेकर फलावदा मार्ग तक खनन से जुड़े वाहनों की आवाजाही की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार खनन के वाहन पुलिस चौकी और थाने के नजदीक से गुजरते हैं, लेकिन उन्हें रोकने की जहमत नहीं उठाई जाती।

सबसे गंभीर सवाल खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के दस्तावेजों को लेकर खड़ा हो रहा है। स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि खनन में लगे कई ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहनों के पास आवश्यक कागजात, वैध परमिट और इंश्योरेंस तक उपलब्ध नहीं होते। यदि बिना वैध दस्तावेजों के ये वाहन मुख्य मार्गों पर दौड़ रहे हैं तो यह आम जनता की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। सवाल यह भी है कि यदि रात के अंधेरे में खनन से भरी किसी ट्रैक्टर-ट्रॉली या डंपर से किसी राहगीर, बाइक सवार अथवा अन्य वाहन चालक का एक्सीडेंट हो जाता है और किसी व्यक्ति की जान चली जाती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? बिना बीमा और आवश्यक दस्तावेजों वाले वाहन से दुर्घटना होने पर पीड़ित परिवार को मुआवजा और न्याय कैसे मिलेगा? यह पुलिस और परिवहन विभाग के सामने भी बड़ी चुनौती है।

हाल ही में बुधवार देर रात भी ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर खनन किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे पहले भी क्षेत्र में लगातार अवैध खनन की शिकायतें और खबरें प्रकाशित होती रही हैं। हस्तिनापुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने भी इस मामले में अधिकारियों से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद चौकी के एक पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता को क्षेत्र में खनन नहीं होने की बात कही, जबकि स्थानीय स्तर पर रात के समय खनन जारी रहने की शिकायतें सामने आती रहीं।

खनन विभाग की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि खनन इंस्पेक्टर को फोन पर जानकारी देने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कई बार उनका फोन स्विच ऑफ मिलता है। कुछ दिन पहले खनन इंस्पेक्टर द्वारा फलावदा मार्ग के समीप कुछ ट्रैक्टर पकड़े जाने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, आरोप है कि इस कार्रवाई के बाद भी खनन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका। इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारियों की भूमिका और कार्रवाई की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि खनन माफिया कई वाहनों के काफिले के साथ रात में घूमते हैं। यदि कोई व्यक्ति उनके वाहनों की फोटो या वीडियो बनाने का प्रयास करता है तो उसके साथ अभद्रता और हाथापाई तक की नौबत आ जाती है। लोगों का कहना है कि थाना मवाना या तहसील स्तर पर शिकायत करने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतों ने व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि एसएसपी मेरठ और जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह तक अवैध खनन से संबंधित शिकायतें पहुंच चुकी हैं। शिकायतों के बाद कुछ दिनों तक खनन रुकने की बात सामने आती है, लेकिन इसके बाद दोबारा वही गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर शिकायतों के बावजूद स्थायी कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही है?

मवाना तहसील में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद यदि मुख्य मार्गों से खनन के वाहन लगातार गुजर रहे हैं तो यह व्यवस्था की प्रभावशीलता पर बड़ा सवाल है। अब जरूरत है कि प्रशासन केवल खनन की शिकायतों पर औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि रात में विशेष अभियान चलाकर खनन स्थलों, वाहनों के परमिट, पंजीकरण, फिटनेस और इंश्योरेंस की जांच कराए। अब देखना होगा कि एसएसपी मेरठ, जिलाधिकारी और खनन विभाग इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाते हैं और आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले खनन माफियाओं पर कब लगाम लगती है।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें