रायबरेली रोजगार मेले में 1,153 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन, 53 कंपनियों ने लिया हिस्सा
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में 2,382 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 1,153 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया।
युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से मंगलवार को फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक कॉलेज, रतापुर परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 53 कंपनियों ने प्रतिभाग किया और रोजगार की तलाश में पहुंचे 2,382 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए आवेदन एवं चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
विभिन्न कंपनियों की ओर से आयोजित साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 1,153 अभ्यर्थियों का प्राथमिक रूप से चयन किया गया। कुछ कंपनियों के चयन परिणाम अभी लंबित हैं।
जिलाधिकारी ने किया रोजगार मेले का शुभारंभ
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर रोजगार मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों और अभ्यर्थियों से संवाद किया तथा रोजगार के अवसरों और चयन प्रक्रिया की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता भी उपस्थित रहीं।
53 कंपनियों ने उपलब्ध कराए रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में असाइन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, उमोजा मार्केट प्लेस टेक्नोलॉजी, महादेव हनुमान विजय प्लेसमेंट सर्विस, क्विस कॉर्पोरेशन, अमॉस स्किल वेंचर्स, जेके टायर, अम्बर इंटरप्राइजेज, टाटा मोटर्स और सुजलॉन एनर्जी सहित कुल 53 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इन कंपनियों ने युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। अभ्यर्थियों की योग्यता और संबंधित पदों की आवश्यकताओं के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
आयोजकों ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर कुमार और फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने अतिथियों, नियोजकों और अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंच का संचालन एसएस पाण्डेय और जिला सेवायोजन कार्यालय के सर्वेश कुमार राय ने किया। रोजगार मेले के आयोजन में कॉलेज के प्रवक्ताओं, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी (टीपीओ), सहायक टीपीओ, कौशल विकास मिशन की वंदना सिंह तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: टेकारी स्टेट के महल और मंदिर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
बलिया: बजरंग पीजी कॉलेज के खेल मैदान में झाड़ियां और गंदगी, प्राचार्य ने बताई सफाई में देरी की वजह
यूपी में ग्राम प्रधानों का प्रशासक कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।