60 घंटे के धरने के बाद रामगोपाल का अंतिम संस्कार, दो आरोपित गिरफ्तार; चार की गिरफ्तारी का सात दिन में आश्वासन
रायबरेली के नाथीपुर गांव में रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव को लेकर चल रहा प्रदर्शन बुधवार को समाप्त हुआ। लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
रामचंद्रपुर रेलवे हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर मिले नाथीपुर गांव निवासी रामगोपाल के शव को लेकर चल रहा विरोध-प्रदर्शन बुधवार अपराह्न समाप्त हो गया। करीब 60 घंटे तक चले धरने के बाद ग्रामीण नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने के लिखित आश्वासन पर अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को गोला गंगा घाट ले जाया गया, जहां बुधवार शाम अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह रामचंद्रपुर रेलवे हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर रामगोपाल का शव दो हिस्सों में मिला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पत्नी सुशीला की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद ग्रामीण आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ प्रदर्शन करते रहे।
मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप भी देखने को मिला। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने क्षेत्राधिकारी से फोन पर बातचीत कर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को अपना जनता पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य भी नाथीपुर गांव पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों से बात कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके बाद भी ग्रामीण धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुए।
बुधवार सुबह से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे। दोपहर तक सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद अपराह्न करीब तीन बजे अधिकारियों ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष चार आरोपितों की गिरफ्तारी सात दिन के भीतर कर ली जाएगी। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।
लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और अंतिम संस्कार के लिए सहमति जताई। पुलिस की मौजूदगी में शव को गोला गंगा घाट पहुंचाया गया, जहां बुधवार शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर शांत करा दिया गया है और शव का अंतिम संस्कार कराया जा रहा है।
फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से दो आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। शेष चार आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने के संबंध में प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया है। मामले की आगे की कार्रवाई पर अब सबकी नजर रहेगी।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले

पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।