लखनऊ के प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर चौथे दिन समाप्त हुआ दैनिक श्रमिकों का धरना, 452 रुपये मजदूरी बढ़ाने का प्रस्ताव
राजकीय पशुधन कृषि प्रक्षेत्र में मजदूरी बढ़ाने और स्थायी नियुक्ति सहित विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे श्रमिकों ने लखनऊ के प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया।
राजकीय पशुधन कृषि प्रक्षेत्र में अपनी मांगों को लेकर पिछले चार दिनों से धरने पर बैठे दैनिक श्रमिक मजदूरों का धरना शनिवार देर शाम समाप्त हो गया। लखनऊ के प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से मिले आश्वासन के बाद श्रमिकों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने मजदूरों को जल्द ही मजदूरी में बढ़ोतरी किए जाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए 452 रुपये प्रतिदिन मजदूरी किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर कार्रवाई के लिए दस दिन का समय मांगा गया है।
दैनिक श्रमिक मजदूर पिछले चार दिनों से प्रक्षेत्र के मुख्य गेट पर धरना दे रहे थे। श्रमिकों की मांग थी कि वर्षों से काम करने के बावजूद उनकी मजदूरी में उचित बढ़ोतरी नहीं की गई है। कई श्रमिक यहां 20 से 25 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक स्थायी नहीं किया गया। श्रमिक मजदूरी बढ़ाने के साथ स्थायी नियुक्ति और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे थे।
शनिवार को लखनऊ में प्रदेश दैनिक श्रमिक मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष की मुलाकात मुख्य सचिव सहित प्रशासनिक अधिकारियों से कराई गई। वार्ता के दौरान मजदूरों की समस्याओं और मजदूरी बढ़ाने की मांग को प्रमुखता से रखा गया। इस पर 452 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी बढ़ाने का प्रस्ताव दिए जाने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी मजदूरी बढ़ाने का प्रस्ताव लागू किया जाएगा। इसके लिए दस दिन का समय मांगा गया है।
वहीं दैनिक श्रमिक मजदूरों के अध्यक्ष ब्रह्मदेव यादव ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), मेरठ को भी ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं और उनकी मांगों से अधिकारियों को अवगत कराया। साथ ही लंबे समय से सेवाएं दे रहे दैनिक श्रमिकों को उचित मजदूरी और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
शनिवार को पूरे दिन धरना स्थल पर श्रमिक अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। उनके समर्थन में सपा युवा नेता रुद्र प्रताप सिंह और भारतीय किसान यूनियन के नेता ब्रजमोहन सिंह अपने यूनियन के पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने श्रमिकों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए जल्द समाधान कराने तथा मजदूरी में बढ़ोतरी की मांग उठाई।
धरने में कर्मचारी अध्यक्ष ब्रह्मदेव यादव, उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, महामंत्री सुंदर गुर्जर, संध्या, सुशील, मांगे, सुनीता, भूपेंद्र गुर्जर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। चार दिनों तक चले धरने के बाद लखनऊ के प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन और प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर शनिवार देर शाम आंदोलन समाप्त कर दिया गया। अब श्रमिकों की निगाहें दस दिन की समयसीमा पर टिकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि प्रस्ताव के अनुसार 452 रुपये प्रतिदिन मजदूरी बढ़ाने का निर्णय जल्द लागू होगा।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
कानपुर देहात: गजनेर पुलिस ने तमंचा, कारतूस और चाकू के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया
गोला गोकर्णनाथ: महिला आरक्षी रचना ने उपनिरीक्षक परीक्षा पास की, थाना हैदराबाद में सम्मान
बिजुआ में भाजपा की मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर बैठक, अमन गिरि ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश





पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।