गजनेर थाने के राधा-कृष्ण मंदिर में मूर्ति स्थापना, पूजा के बाद एसपी ने किया औचक निरीक्षण
कानपुर देहात के गजनेर थाने में जीर्णोद्धार के बाद राधा-कृष्ण मंदिर में मूर्ति स्थापित की गई। इसके बाद एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
थाना गजनेर परिसर में मंगलवार को जीर्णोद्धार किए गए राधा-कृष्ण मंदिर में मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान राधा-कृष्ण की मूर्ति स्थापित की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना भी की।
मंदिर का जीर्णोद्धार थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों के सहयोग से कराया गया था। मंदिर की स्थिति जर्जर होने के कारण परिसर में उसकी मरम्मत और सौंदर्यीकरण का काम कराया गया। मंगलवार को मूर्ति स्थापना के साथ ही मंदिर में दोबारा पूजा-पाठ शुरू हुआ। इस दौरान थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने भी पूजा में हिस्सा लिया।
पूजा-अर्चना के बाद एसपी ने थाना गजनेर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, बैरक और अभिलेखों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव, रजिस्टरों को अद्यतन रखने और कंप्यूटर कक्ष की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
एसपी ने थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। महिला संबंधी शिकायतों और जनसुनवाई के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने को भी कहा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने तथा ड्यूटी के दौरान वर्दी और व्यवहार पर ध्यान देने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बरतने और गश्त बढ़ाने के लिए भी कहा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह और थानाध्यक्ष गजनेर सनत कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले



पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।