यातायात माह: डेरापुर में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने खुद संभाली वाहन चेकिंग की कमान
यातायात नियमों का पालन कराने के लिए शुक्रवार को डेरापुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी ने वाहन चालकों के दस्तावेज जांचे और हेलमेट व सीट बेल्ट के इस्तेमाल की अपील की।
संवाददाता, डेरापुर (कानपुर देहात) :* यातायात माह नवंबर-2026 में पुलिस अधीक्षक *श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय* खुद सड़क पर उतरीं। उनकी उपस्थिति में थाना डेरापुर क्षेत्र में शुक्रवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी के मौके पर पहुंचते ही चेकिंग और सख्त हो गई। मुख्य चौराहों और मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई।
इस दौरान थाना प्रभारी डेरापुर नीलेश कुमारी ने पुलिस बल के साथ वाहनों की चेकिंग की। *एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय* ने स्वयं कई वाहन चालकों के कागजात देखे और हेलमेट व सीट बेल्ट को लेकर सवाल-जवाब किया। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले और बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले चालकों को रोककर उन्हें नियमों के प्रति समझाया गया।
अभियान के दौरान *एसपी* ने वाहन चालकों को सख्त लहजे में समझाया कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें एवं नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट न केवल चालान से बचाते हैं, बल्कि जान भी बचाते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात माह का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाए एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी चेकिंग अभियान लगातार संचालित किया जाए।
उन्होंने स्कूली बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों से भी अपील की कि वे बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं, तीन सवारी न बैठें और नाबालिगों को वाहन न सौंपें। अभिभावकों को भी अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए और नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। *एसपी के नेतृत्व में चले अभियान* से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा, वहीं आम लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।