अकबरपुर इंटर कॉलेज में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 6 घायलों और तीन घरों में आग लगने की स्थिति का किया अभ्यास
नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, बिजली और नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। एडीएम अंकित शुक्ला ने तैयारियों की समीक्षा की।
कानपुर देहात के अकबरपुर इंटर कॉलेज में आपातकालीन स्थिति और हवाई हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से शाम छह बजे हुए इस अभ्यास में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य संकट के समय पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, बिजली और नागरिक सुरक्षा विभाग के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता का आकलन करना था।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अंकित शुक्ला के निर्देशन में आयोजित मॉक ड्रिल में आपात स्थिति का काल्पनिक दृश्य तैयार किया गया। इसमें छह लोगों के हताहत होने और तीन घरों में आग लगने की स्थिति दिखाई गई। सायरन बजते ही बिजली आपूर्ति बंद कर क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू किया गया। इसके बाद संबंधित विभागों की टीमें अपने निर्धारित बचाव कार्यों में जुट गईं।
अभ्यास के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने का प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को स्ट्रेचर से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था संभाली।
बिजली विभाग ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया। वहीं, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और अफवाहों से बचने के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलती है। साथ ही आम लोगों को भी संकट के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी मिलती है। ब्लैकआउट के दौरान रोशनी बंद रखने, सुरक्षित स्थान पर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया।
मॉक ड्रिल के समापन पर एडीएम अंकित शुक्ला ने सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा कभी भी आ सकती है, इसलिए उससे निपटने के लिए हमेशा तैयार रहना जरूरी है।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले
पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।