कानपुर देहात: मूसानगर में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दिया आशीर्वाद
अच्युत ब्रह्म धाम अखंड परमधाम में 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन के तहत आयोजित हुआ विवाह समारोह। नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का सामान और आभूषण देकर विदा किया गया।
कस्बे के अच्युत ब्रह्म धाम अखंड परमधाम में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन के अंतर्गत मंगलवार को 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद आयोजित विवाह समारोह में 51 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया। विवाह मंडप में पंडित सुमित तिवारी, योगेश तिवारी, विनय तिवारी सहित अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में संपन्न कराईं। वर-वधुओं ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, विनोद कटियार, जालौन विधायक गौरीशंकर वर्मा, जय कुमार जैकी, ब्रज भूषण राजपूत, राहुल अग्निहोत्री, राजेंद्र सिंह चौहान, विजय सोनी, विनोद निषाद, सौरभ शुक्ला और विक्रम सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भी नवदंपतियों के सुखमय जीवन की कामना की।
नवदंपतियों को दिए गृहस्थी के सामान और उपहार
विवाह समारोह के बाद सभी 51 जोड़ों को गृहस्थी शुरू करने के लिए जरूरी सामान भेंट किया गया। इसमें अलमारी, बेड, बर्तन, गद्दा, बाल्टी और वस्त्र सहित अन्य सामग्री शामिल थी। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण भी दिए गए। उपहार देने के बाद सभी जोड़ों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
एक ही मंडप में 51 जोड़ों के विवाह के आयोजन से आश्रम परिसर में उत्सव का माहौल रहा। इस आयोजन में धार्मिक कार्यक्रम के साथ जरूरतमंद परिवारों के विवाह संपन्न कराने की सामाजिक पहल भी देखने को मिली।
डिप्टी सीएम ने सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राजनीतिक संबोधन भी किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की सरकार आने पर प्रदेश में गुंडागर्दी शुरू हो जाती है, जबकि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है।
मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षित हैं और महिलाएं अब खुलेआम आवागमन कर पा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने गरीब परिवारों को मकान और राशन उपलब्ध कराने का काम किया है। आगामी चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
गलती बताएँ
संबंधित खबरें
रायबरेली: राजकीय बालिका हाईस्कूल की कंप्यूटर लैब में चोरी, दो कंप्यूटर सेट समेत उपकरण गायब
रायबरेली: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 62 वर्षीय किसान का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रायबरेली: मुफ्त सिम और कंबल का लालच देकर ग्रामीणों के अंगूठे स्कैन कराने का आरोप, युवक पुलिस के हवाले








पाठकों की राय (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।