रविवार, 29 नवम्बर 2026 हमारे बारे में संपर्क विज्ञापन दें न्यूज़रूम
सच की खोज
जनता की आवाज़
ज़मीनी हकीकत, जनता की आवाज़
ब्रेकिंग न्यूज़
जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा पर हरीश रावत नाराज, बोले- फैसला तुरंत रोका जाए

कानपुर देहात: सर्दी से बचाव के लिए 38 लाख रुपये स्वीकृत, कंबल और अलाव की होगी व्यवस्था

जिले में गरीबों और बेसहारा लोगों को ठंड से राहत देने के लिए शासन ने 38 लाख रुपये मंजूर किए हैं। कंबल खरीद के लिए पहली किश्त और अलाव की लकड़ी के लिए पूरी धनराशि जारी कर दी गई है।

कानपुर देहात: सर्दी से बचाव के लिए 38 लाख रुपये स्वीकृत, कंबल और अलाव की होगी व्यवस्था

सर्दी का मौसम शुरू होते ही गरीबों, असहाय और बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शासन ने इस बार जिले में कंबल खरीद और अलाव की व्यवस्था के लिए कुल 38 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें 32 लाख रुपये कंबल खरीदने और 6 लाख रुपये अलाव के लिए लकड़ी की व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे।

शासन की ओर से अलाव के लिए लकड़ी खरीदने के वास्ते पूरी 6 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। वहीं, कंबल खरीद के लिए स्वीकृत 32 लाख रुपये के मुकाबले पहली किश्त के रूप में 18 लाख रुपये मिले हैं। धनराशि उपलब्ध होने के बाद कंबलों की खरीद के लिए टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।

प्रशासन ने सभी तहसीलदारों को रैन बसेरों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने और अलाव जलाने के स्थानों का नए सिरे से चयन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, असहाय, निराश्रित और कमजोर वर्ग के बुजुर्गों की पहचान कर उन्हें कंबल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा गया है।

कंबलों के लिए तय किए गए मानक

शासन ने कंबलों की गुणवत्ता और आकार को लेकर मानक निर्धारित किए हैं। इसके अनुसार कंबल की लंबाई 235 सेंटीमीटर, चौड़ाई 140 सेंटीमीटर और वजन 2 किलो 200 ग्राम होना चाहिए। प्रशासन को इन्हीं मानकों के अनुसार कंबलों की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि कंबल खरीद के लिए स्वीकृत 32 लाख रुपये में से पहली किश्त के रूप में 18 लाख रुपये मिले हैं। वहीं, लकड़ी खरीद के लिए पूरी 6 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अलाव स्थलों का नए सिरे से चयन करने तथा रैन बसेरों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रैन बसेरों और सार्वजनिक स्थानों पर होगी व्यवस्था

प्रशासन की योजना के अनुसार तहसील स्तर पर संचालित रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल परिसर और बाजारों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के लिए जगह चिन्हित की जाएगी। अलाव के लिए समय पर लकड़ी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सर्दी बढ़ने के साथ प्रशासन का जोर इन व्यवस्थाओं को समय पर जमीन पर उतारने पर है। अधिकारियों को जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाने और अलाव की व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

✓ संपादकीय जाँच: प्रूफ़रीडिंग DP Singh · प्रकाशन की मंज़ूरी DP Singh · हमारे मानक

पाठकों की राय (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहली राय आपकी हो सकती है।

संबंधित खबरें